रांची। उत्तर-पूर्व और उसके आसपास की बंगाल की खाड़ी में 1 अक्टूबर को साक्लोनिक सर्कुलेशन बनने वाला है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में झारखंड में बारिश देखने को मिलेगी। अभी तक के संकेत के मुताबिक दुर्गा पूजा में भी बारिश देखने को मिल सकता है। यह जानकारी रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने 27 सितंबर को दी।
अभिषेक ने बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटे में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश देखने को मिली है। वर्तमान में गर्जन और वज्रपात वाली बारिश है। आमतौर पर यह दोपहर के बाद हो रही है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी अभी वातावरण में मौजूद है। पहले पहर में गर्मी होती है। नमी और गर्मी के मिश्रण से गर्जन और वज्रपात वाले बादल बनते हैं। इसके कारण बारिश देखने को मिल रही है। हवा के रूख से मौसम में बदलाव आने की संभावना है।
28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की प्रबल संभावना है।2 और 3 अक्टूबर को राज्य में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की प्रबल संभावना है।